TikTok Ban in India: भारत में अब भी जारी है प्रतिबंध, सरकार ने दी बड़ी सफाई
भारत में TikTok पर बैन अब भी जारी है। MeitY ने साफ किया कि सरकार ने TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। जानिए कब और क्यों लगा था बैन और वापसी की कितनी संभावना है।
भारत में टिकटॉक को लेकर एक बार फिर सुर्खियां तेज हो गई हैं। हाल ही में कई यूजर्स ने दावा किया कि वे भारत में TikTok की वेबसाइट होमपेज तक पहुंच पा रहे हैं। इसके बाद अटकलें शुरू हो गईं कि शायद भारत सरकार ने TikTok पर लगे बैन को हटा लिया है। लेकिन अब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सूत्रों ने साफ किया है कि सरकार ने टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है।
TikTok बैन पर सरकार का रुख
सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि “भारत सरकार ने TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। इस तरह की कोई भी खबरें भ्रामक और झूठी हैं।” इस बयान के बाद यह साफ हो गया कि TikTok पर बैन अभी भी जारी है और यूजर्स के कुछ अनुभव महज तकनीकी गड़बड़ी या कैशिंग से जुड़े हो सकते हैं।
TikTok पर बैन कब और क्यों लगा?
जून 2020 में केंद्र सरकार ने 59 मोबाइल एप्लिकेशंस पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया था। इनमें टिकटॉक, UC Browser, ShareIt और WeChat जैसी प्रमुख चीनी ऐप्स शामिल थीं। सरकार ने कहा था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं।
बैन का फैसला उस समय लिया गया था जब भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव चरम पर था। 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्ते बेहद तल्ख हो गए थे।
डेटा लीक और सुरक्षा की चिंता
सूत्रों के अनुसार, जिन 59 ऐप्स पर बैन लगाया गया, उन पर डेटा लीक के गंभीर आरोप थे। आईटी मंत्रालय की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ये ऐप्स यूजर्स का लोकेशन डेटा, निजी फाइलें और संवेदनशील जानकारी चीन के सर्वर पर भेज रहे थे।
एक आईटी मंत्रालय अधिकारी ने बताया था कि “ये सभी ऐप्स डेटा लीक कर रहे थे। कई ऐप्स ने गुपचुप तरीके से यूजर्स की जानकारी एकत्र की और इसे चीन के सर्वर पर ट्रांसफर किया। यहां तक कि कुछ ब्यूटी ऐप्स और सेल्फी कैमरा ऐप्स में अश्लील कंटेंट पाए गए थे, जिससे वे और भी खतरनाक हो गए।”
TikTok और भारत में उसकी लोकप्रियता
बैन से पहले टिकटॉक भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड और इस्तेमाल किए जाने वाले ऐप्स में से एक था। करोड़ों भारतीय यूजर्स इस शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म पर सक्रिय थे। यह ऐप न केवल मनोरंजन बल्कि छोटे क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन गया था। टिकटॉक ने भारत के ग्रामीण और छोटे कस्बों तक पहुंच बनाई और लाखों लोगों को सोशल मिडिया स्टार बना दिया।
लेकिन सुरक्षा चिंताओं और भारत-चीन संबंधों में तनाव की वजह से सरकार ने इसे बैन कर दिया। बैन के बाद Instagram Reels, YouTube Shorts और Moj जैसे कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय विकल्प सामने आए और उन्होंने बाजार पर कब्जा कर लिया।
क्या TikTok भारत में वापसी कर पाएगा ?
टिकटॉक की पेरेंट कंपनी ByteDance ने कई बार भारत सरकार से बातचीत की कोशिश की है। लेकिन अब तक बैन हटाने की दिशा में कोई आधिकारिक कदम नहीं उठाया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक भारत और चीन के बीच रिश्तों में सुधार नहीं होता और डेटा सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक TikTok का भारत में वापसी करना मुश्किल है।
भारत सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि टिकटॉक पर लगा प्रतिबंध अभी भी प्रभावी है। भले ही कुछ यूजर्स को इसकी वेबसाइट खुलती नजर आई हो, लेकिन ऐप को न तो प्ले स्टोर और न ही ऐप स्टोर पर उपलब्ध कराया गया है। TikTok की लोकप्रियता और यूजर्स की बड़ी संख्या को देखते हुए इसकी वापसी पर चर्चाएं जरूर होती रहती हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में सरकार का रुख सख्त है।